(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की हरिद्वार इकाई को इस वर्ष प्रतिष्ठित ‘अति विशिष्ट पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बीएचईएल की राजभाषा उत्कृष्टता सम्मान योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रदान किया गया।
हरिद्वार इकाई को बड़ी इकाई (क एवं ख क्षेत्र) वर्ग में लगातार तीन वर्षों तक प्रथम स्थान प्राप्त करने की उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए यह विशेष सम्मान दिया गया है। पुरस्कार बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति ने हरिद्वार इकाई के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार को कॉर्पोरेट कार्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान प्रदान किया।
इस अवसर पर बीएचईएल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने सभी पुरस्कृत इकाइयों के प्रमुखों को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी में कार्य करना आत्मगौरव का विषय है। उन्होंने राजभाषा के प्रभावी प्रयोग और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया।
सम्मान प्राप्त होने पर कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि का श्रेय हरिद्वार इकाई की सभी विभागीय राजभाषा समितियों और कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सामूहिक प्रयास और निरंतर राजभाषा कार्यान्वयन का परिणाम है।
समारोह में बीएचईएल निदेशक मंडल के सदस्य एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। पुरस्कार मिलने से बीएचईएल हरिद्वार के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।








































Users Today : 495
Users Yesterday : 794






