(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में ऑटो रिक्शा एवं विक्रम वाहनों द्वारा वसूले जा रहे किराए की आकस्मिक जांच की गई। जांच में परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
अधिकारियों ने स्वयं आम यात्री बनकर ऑटो एवं विक्रम में यात्रा की और वास्तविक किराया वसूली की स्थिति का जायजा लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 105 चालान किए गए तथा 25 वाहन जब्त किए गए।
जांच के दौरान रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन तक दो विक्रम चालकों द्वारा यात्रियों से 300 रुपये किराया मांगे जाने की पुष्टि हुई, जबकि निर्धारित किराया 50 रुपये है। अधिक किराया वसूली के आरोप में दोनों विक्रम वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा एक ई-रिक्शा को ओवरलोडिंग तथा दो ई-रिक्शा को बिना पंजीकरण संचालित किए जाने पर जब्त किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित किराए से अधिक वसूली, ओवरलोडिंग और बिना पंजीकरण वाहन संचालन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक किराया वसूले जाने अथवा परिवहन नियमों का उल्लंघन होने पर वाहन संख्या नोट कर परिवहन विभाग को सूचना दें।








































Users Today : 92
Users Yesterday : 1270






