(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। हरिद्वार जिले के धनौरी-सुमन नगर मार्ग पर स्थित पथरी रोह पुल पर देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धनौरी की ओर से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा दीवार से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक की जान बच गई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और चालक को सुरक्षित ट्रक से बाहर निकाला।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के पास स्थित घुमावदार मोड़ और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक मोड़ का सही अनुमान नहीं लगा सका, जिसके चलते ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे सुरक्षा दीवार से जा भिड़ा।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों भारी और ओवरलोड वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोग लंबे समय से प्रशासन से सुमन नगर मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


























Users Today : 22
Users Yesterday : 1165
