(शहजाद अली हरिद्वार)दिनांक 10 अक्टूबर 2025 की रात्रि में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में बहादराबाद क्षेत्र में बहादराबाद पुलिस के सहयोग से रात्रिकालीन संयुक्त प्रवर्तन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करना और सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना था।रात्रि के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत कुल 17 चालान किए गए तथा 3 वाहनों को सीज किया गया। यह कार्रवाई ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन, ड्राइविंग लाइसेंस की अनुपलब्धता तथा अन्य नियम उल्लंघनों के मामलों में की गई।
इस अभियान में बहादराबाद पुलिस के उप निरीक्षक मनोज कुमार एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।
पुलिस एवं परिवहन विभाग के इस समन्वित प्रयास से क्षेत्र में यातायात अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने बताया कि इस प्रकार के संयुक्त प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी निरंतर रूप से संचालित किए जाएंगे,
ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सके और लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
विभाग का उद्देश्य न केवल चालान करना है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करना भी है।













































