(शहजाद अली हरिद्वार)कलियर (हरिद्वार)। उत्तराखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बिहार के कुख्यात सुबोध गैंग से जुड़ा शातिर अपराधी मो. राहुल उर्फ शाकिब को एसटीएफ उत्तराखंड ने हरिद्वार जनपद के कलियर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। यह वही आरोपी है जो बिहार के पूर्णिया जिले में 26 जुलाई 2024 को तनिष्क ज्वेलर्स में हुए 3 करोड़ 70 लाख की लूट में शामिल था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
उत्तराखंड के डीजीपी श्री दीपम सेठ के आदेश पर चलाए जा रहे “विशेष अभियान” के तहत प्रदेश में सक्रिय और छिपे इनामी व गैंगस्टर अपराधियों पर शिकंजा कसने की मुहिम में एसटीएफ को यह सफलता मिली है।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बिहार एसटीएफ से सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त मो. राहुल उर्फ शाकिब, हरिद्वार के कलियर थाना क्षेत्र में नकली नाम से रह रहा है। सूचना पर एक विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:
- वर्ष 2024 में तनिष्क ज्वेलर्स लूट का मुख्य साजिशकर्ता
- 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी के नेता की हत्या में नामजद
- बिहार पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसका साथी चुनमुन झा मारा गया
- 04 अन्य अभियुक्त जेल में बंद
- एक मामले में 2 साल की सजा भी काट चुका है
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मो. राहुल उर्फ शाकिब पुत्र अब्दुल रफीक, निवासी मौलवीबाड़ी अंडाचौक थाना मधुबनी, जिला पूर्णिया, बिहार का आपराधिक नेटवर्क बिहार से लेकर उत्तराखंड तक फैला हुआ है।
उत्तराखंड एसटीएफ की यह कार्रवाई प्रदेश में छिपे बड़े अपराधियों के खिलाफ एक सख्त और साहसी कदम माना जा रहा है। फिलहाल अभियुक्त से आगे की पूछताछ जारी है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर बिहार भेजा जाएगा।













































