(शहजाद अली हरिद्वार)सिडकुल/हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनके प्रति विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र में विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत थाना क्षेत्रान्तर्गत निवासरत वरिष्ठ नागरिकों, विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों के घर-घर जाकर उनकी कुशलता-क्षेम पूछी गई और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
पुलिस टीम ने अकेले निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के यहां कार्यरत नौकरों एवं घरेलू सहायकों का सत्यापन भी किया। इस दौरान नागरिकों को बताया गया
कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को व्यक्तिगत सुरक्षा, सतर्कता और सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने बुजुर्गों को यह भी जानकारी दी कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या परेशानी के समय वे तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें
या थाना सिडकुल के सीयूजी नंबर पर सूचना दें। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
थाना सिडकुल पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा इस तरह के जनसंपर्क एवं सुरक्षा अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि बुजुर्ग खुद को सुरक्षित, सम्मानित और आश्वस्त महसूस कर सकें।

















































