(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार/देहरादून।जीआरपी उत्तराखण्ड में गुरुवार को पदोन्नति का एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक अवसर देखने को मिला।
सेवा नियमावली में निहित प्रावधानों के तहत मुख्य आरक्षी से अपर उप निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत हुए दो कर्मियों को औपचारिक रूप से नई जिम्मेदारी सौंपी गई। एसपी जीआरपी अरुणा भारती द्वारा थाना जीआरपी हरिद्वार में तैनात श्यामदास तथा थाना जीआरपी देहरादून में तैनात नरेन्द्र कुमार को दिनांक 02 जनवरी 2026 को कंधों पर स्टार बैच लगाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने दोनों नवपदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दोनों अधिकारी अपने कार्यों से विभाग की गरिमा को और ऊंचा करेंगे तथा रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पदोन्नति समारोह के दौरान जीआरपी के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। समस्त जीआरपी पुलिस परिवार की ओर से श्यामदास और नरेन्द्र कुमार को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। यह पदोन्नति न केवल संबंधित कर्मियों के लिए बल्कि पूरे विभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

















































