(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार की ओर से दीपावली मेले का आयोजन किया गया। गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को ज्वालापुर इंटर कॉलेज के समीप आयोजित इस मेले का शुभारंभ नगर निगम की महापौर की अध्यक्षता में किया गया।
यह मेला दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया है। इसमें नगर निगम हरिद्वार में पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शनी लगाई गई है। मेले का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार दिलाना है।

मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए फूलों से निर्मित धूपबत्ती, अगरबत्ती, जूट के आकर्षक बैग और विभिन्न प्रकार की हस्तशिल्प वस्तुएं विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन उत्पादों के माध्यम से महिलाओं ने पर्यावरण के अनुकूल और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश भी दिया है।
कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। ऐसे आयोजनों से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर नगर निगम के सिटी मिशन मैनेजर अंकित रमोला, सामुदायिक संगठनकर्ता शाहीन, सोनिया, राजेश कुमार सहित संबंधित महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।








































Users Today : 392
Users Yesterday : 467
