(शहजाद अली हरिद्वार) सिडकुल। हरिद्वार के थाना सिडकुल क्षेत्र में पुलिस के सत्यापन अभियान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौच और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर सरकारी दस्तावेजों को छिन्न-भिन्न करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के भी आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त 2026 को विशेष शाखा अभिसूचना विभाग उत्तराखंड पुलिस में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने थाना सिडकुल में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। आरोप लगाया गया कि सत्यापन संबंधी सरकारी कार्य के दौरान सूरज कुमार, समीर, एक अन्य व्यक्ति और महिला ने उनके व उनके साथी के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और सरकारी दस्तावेजों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 365/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 28 अगस्त को केविन केयर तिराहे से एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (22), आशु (20), सूरज कुमार (26) और 25 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल मनीष, कांस्टेबल अनिल कंडारी और महिला कांस्टेबल संगीता शामिल रहे।











































Users Today : 699
Users Yesterday : 466


