(शहजाद अली हरिद्वार)रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों हत्याओं के आरोपी मृतक महिलाओं के भाई विवेक उर्फ विक्की को चुड़ियाला भगवानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह खोखे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गोलीबारी के दौरान महिलाओं का पति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की रात गणेशपुर निवासी अर्जुन सिंह ने कोतवाली गंगनहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी, जबकि गोलीबारी में उसके मौसा को भी गोली लगी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला भगवानपुर से दबोच लिया गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वारदात की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 दीप कुमार सहित गंगनहर पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।







































Users Today : 846
Users Yesterday : 850
