(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 80 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस लगातार अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 9 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मेहताब पुत्र असगर निवासी ग्राम जमालपुर खुर्द को बीएचईएल सेक्टर-01 स्थित पीठ मैदान क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 40 टेट्रा पैक देशी शराब (माल्टा मार्का) बरामद हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आजाद पुत्र नत्थू निवासी जमालपुर खुर्द को विष्णुलोक मार्ग के पास लिपटिस के पेड़ों के समीप से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी 40 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की गई।
दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी, जगदेव, अमित चौधरी और कांस्टेबल दिग्पाल सिंह की टीम शामिल रही, जिनकी सक्रियता से यह सफलता हासिल हुई।


























