(शहजाद अली हरिद्वार)दीपावली पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई निर्माण इकाइयों पर सख्त निगरानी
दीपावली पर्व के मद्देनज़र आज 9 अक्टूबर 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीमों ने जनपदभर में छापेमारी अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में पहली टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडे और पवन कुमार के साथ उत्तर प्रदेश से सटे नारसन बॉर्डर पर वाहनों की जांच की।
परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में रोडवेज बसों और आपूर्ति वाहनों की चेकिंग की गई, हालांकि किसी वाहन में खाद्य सामग्री नहीं मिली। ड्राइवरों व कंडक्टरों को चेताया गया कि वे बिना सवारी खाद्य पदार्थों का परिवहन न करें।
इसके बाद टीम ने मंगलौर-लैंडोरा मार्ग और बदरी राजपूतान में स्थित रसगुल्ला निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया, परंतु वहां निर्माण कार्य बंद मिला।
सिडकुल क्षेत्र की मिठाई दुकानों की भी जांच की गई, जहां स्वच्छता मानकों का पालन संतोषजनक पाया गया। टीम ने खुले मावा और कलाकंद के दो नमूने जांच हेतु रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे।
दूसरी टीम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद टम्टा के नेतृत्व में, नगर निगम क्षेत्र की मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। एक इकाई से मिल्क, पतिसा और गुलाब जामुन के तीन नमूने लिए गए और मानक अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा, दूध, मावा और पनीर के भी नमूने जांच के लिए भेजे गए। विभाग का यह अभियान दीपावली तक जारी रहेगा।













































