(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती टैक्सी कार में अचानक आग लग गई।
आग लगने से पहले कार के बोनट से धुआं निकलता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद कार में सवार सभी लोगों ने फौरन बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, टैक्सी नंबर की सीएनजी कार श्यामपुर थाना क्षेत्र के टाटवाला गांव की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर आग की लपटें उठती देख राहगीरों में भी हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि चालक की सतर्कता के कारण कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस और फायर विभाग ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। समय रहते सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।











































Users Today : 598
Users Yesterday : 747






