(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन परिसर से भारतीय रेडक्रॉस समिति, नई दिल्ली द्वारा उपलब्ध कराई गई आपदा राहत सामग्री के पांच वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन वाहनों में कम्बल, तिरपाल, किचेन सेट और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है, जो उत्तराखंड के सभी जनपदों में जरूरतमंदों तक जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। इस अवसर पर राज्यपाल ने रेडक्रॉस की मानवीय सेवा की सराहना की और इसे आपदा के समय राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य में रेडक्रॉस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल ने रेडक्रॉस को निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने वाली संस्था बताते हुए इसके वॉलेंटियर्स की निस्वार्थ सेवा भावना की प्रशंसा की। उन्होंने रेडक्रॉस के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि राहत सामग्री को सभी जनपदों की जिला रेडक्रॉस समितियों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए,
ताकि इसका समुचित उपयोग हो और यह वास्तव में जरूरतमंदों के काम आए। साथ ही, उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रेडक्रॉस से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि मानवीय सेवा का दायरा और व्यापक हो सके।
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी, वाइस चेयरमैन डॉ. आनन्द भारद्वाज, देहरादून के सदस्य डॉ. मनोज वर्मा, सीएमओ मनोज शर्मा, सदस्य मो. ओबेदुल्ला अंसारी, चिकित्साधिकारी राजभवन डॉ. महावीर त्यागी और डॉ. ए.के. सिंह सहित कई रेडक्रॉस वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे। राज्यपाल ने सभी वॉलेंटियर्स के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके योगदान को सराहा।


























Users Today : 22
Users Yesterday : 757
