(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली सिडकुल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल छह मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों ने सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को किरबी चौक पर सिडकुल पुलिस की टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार वापस मुड़कर भागने लगे, लेकिन अचानक बाइक का टायर फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ और मोटरसाइकिल के इंजन व चेसिस नंबर की जांच में पता चला कि बाइक चोरी की है, जिसके संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र धीरज पाल निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार और कार्तिक पुत्र संजय सिंह निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रामधाम कॉलोनी, सिडकुल हरिद्वार के रूप में हुई है।

बरामद छह मोटरसाइकिलों में से तीन सिडकुल, दो रानीपुर और एक बहादराबाद थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस ने संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, एएसआई अनिल सैनी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मचा है।










































Users Today : 766
Users Yesterday : 941
