(शहजाद अली हरिद्वार)हल्द्वानी। जनगणना के तहत स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिनों तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके तहत नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्वगणना कर सकेंगे। जनपद में न्यूनतम 15 हजार व्यक्तियों की स्वगणना कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वगणना कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को बेहद सरल और सहज बनाया गया है, जिससे प्रत्येक नागरिक बिना किसी परेशानी के स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है। स्वगणना के दौरान नागरिकों से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे।

सीडीओ ने आमजन से अपील की कि स्वगणना करने से पहले पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और आवश्यक जानकारियां पहले से तैयार रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉर्म भरने के लिए जरूरी दस्तावेजों और जानकारियों के संबंध में लोगों को पहले से जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि फार्म भरने के लिए भाषा का चयन बेहद सावधानी से करना होगा, क्योंकि भाषा का सफलतापूर्वक चयन करने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा। वहीं, स्वगणना फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद पी (P) अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। नागरिकों को इस आईडी को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

सीडीओ ने ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, होमगार्ड्स और पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षित कार्मिक कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वगणना के लिए प्रशिक्षित करे। स्कूलों, कार्यालयों और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें।
उन्होंने प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुरेश आर्य, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










































Users Today : 725
Users Yesterday : 786
