(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना से संबंधित सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्यों को त्वरित गति से हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित होने वाली स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित स्वगणना की सुविधा के माध्यम से जनपद के लगभग 9,000 नागरिकों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहभागिता की थी।

अब जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां प्रगति पर हैं। इसके अंतर्गत प्रगणकों (Enumerators) एवं पर्यवेक्षकों (Supervisors) का प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस चरण में नागरिकों से कुल 40 प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि स्वगणना के दौरान पूछे जाने वाले यही 40 प्रश्न बाद में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना के दौरान भी पूछे जाएंगे।
स्वगणना का प्रमुख लाभ यह है कि नागरिक अपने परिवार से संबंधित सभी 40 प्रश्नों के उत्तर स्वयं, व्यक्तिगत रूप से एवं अपनी सुविधानुसार दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने में लगने वाले समय की बचत होगी। स्वगणना करने वाले परिवारों के मामले में प्रगणकों का मुख्य कार्य पहले से दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन एवं पुष्टि करना होगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने में सहायता मिलेगी।

जनपद में प्रथम चरण के दौरान लगभग 9,000 नागरिकों द्वारा स्वगणना में सहभागिता किए जाने को देखते हुए इस बार द्वितीय चरण में 30,000 से अधिक नागरिकों द्वारा स्वगणना किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
इसके तहत कलेक्ट्रेट परिसर, शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, चिकित्सालयों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग एवं बैनर लगाए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जनगणना-2027 के संबंध में प्रभात फेरियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट चैनलों एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रचार संदेश, वीडियो अपील तथा जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त नगर निगम के ठोस अपशिष्ट संग्रहण वाहनों एवं अन्य नागरिक उपयोगिता वाहनों के माध्यम से लाउडस्पीकर द्वारा नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं, सिनेमा हॉलों में फिल्म प्रदर्शन से पूर्व जनगणना से संबंधित जागरूकता स्लाइड्स भी प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के मध्य स्वगणना अवश्य करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन-जागरूकता गतिविधियों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आइए, इस बार जनपद में 30,000 से अधिक स्वगणना का लक्ष्य प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम करें। स्वयं गणना करें, समय बचाएं और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहभागी बनें।
इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार,मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत,डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला,तहसीलदार सचिन कुमार,उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर ,खंड विकास अधिकारी नारसन पवन सिंह सैनी, खानपुर आलोक गार्गेय,रुड़की सुमन कोठियाल सहित वर्चुअल माध्यम से भी अधिकारी जुड़े रहे एवं नगर पालिकाओं,नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।











































Users Today : 590
Users Yesterday : 831
