(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। श्री चित्रगुप्त मंडल रजिस्टर्ड, हरिद्वार की ओर से कलम-दवात पूजा का पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भेल सेक्टर-3 स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में भगवान श्री चित्रगुप्त जी का विधि-विधान से पूजन, कथा एवं हवन का आयोजन किया गया। धार्मिक कार्यक्रम में हरिद्वार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के परिवारों ने भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त जी के विधिवत पूजन और कलम-दवात की पूजा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देव के समक्ष कलम-दवात अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, ज्ञान, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद भगवान श्री चित्रगुप्त जी की कथा का श्रवण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण एवं परिवारों की सुख-शांति की प्रार्थना की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विभास सिन्हा ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले न्याय के देवता हैं। कलम-दवात पूजा ज्ञान, शिक्षा, सत्य, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
मंडल के सचिव प्रमोद श्रीवास्तव एवं कोषाध्यक्ष अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि कलम और दवात कायस्थ समाज की पहचान के साथ ज्ञान एवं विद्या के प्रतीक हैं। उन्होंने समाज के परिवारों से अपने बच्चों को संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने तथा ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम में पहुंचे सभी परिवारों का आभार व्यक्त किया।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को कलम-दवात पूजा की शुभकामनाएं दीं और समाज की एकजुटता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अक्षत श्रीवास्तव, प्रमोद श्रीवास्तव, संजय सक्सेना, ए.के. श्रीवास्तव, वी.के. सक्सेना, अर्चना सक्सेना, अनिल श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, सौरभ सक्सेना, बालकृष्ण श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, श्रेय श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, ज्ञानेश सक्सेना, संदीप श्रीवास्तव, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।
अंत में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की आरती एवं जयकारों के साथ धार्मिक कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।











































Users Today : 332
Users Yesterday : 844
