(शहजाद अली हरिद्वार)भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है और उनका जाना परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के संस्कार और उनकी सीख जीवनभर व्यक्ति का मार्गदर्शन करते रहते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल दें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा भी जताया। मुख्यमंत्री का यह दौरा शोक की इस घड़ी में संवेदना और आत्मीयता प्रकट करने के उद्देश्य से रहा।











































Users Today : 406
Users Yesterday : 707
