(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंगा घाटों सहित मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने विभिन्न घाटों एवं प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान रोड़ी बेलवाला, हाथी पुल, सुभाष घाट, नाई घाट, संजय पुल, घंटाघर, तिरछा पुल, सीसीआर घाट और शिव घाट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण की स्थिति और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान सभी गंगा घाटों और मेला क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रखा जाए। घाटों पर गंदगी एकत्र न होने दी जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को पूरी तरह साफ और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने अतिक्रमण को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित टीम को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने अपर रोड क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित सफाई निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त के निर्देशों पर नगर निगम की टीम ने मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर नगर निगम की पशु नियंत्रण टीम भी तैनात रही, ताकि आवारा पशुओं से किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार एवं धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की टीम सक्रिय रही। नगर निगम प्रशासन का प्रयास रहा कि सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।











































Users Today : 497
Users Yesterday : 277
