(शहजाद अली हरिद्वार)नई दिल्ली। उत्तराखंड के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत प्रदेश में सड़कों के निर्माण और लंबित प्रस्तावों की स्वीकृति को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 315 सड़कों के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं। इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की बुनियादी जरूरत है। सड़कों का विस्तार होने से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की ओर से भेजे गए सड़क निर्माण प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।








































Users Today : 1
Users Yesterday : 1062






