(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने रविवार सुबह जिलेभर में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया। पुलिस कप्तान के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें गली-मोहल्लों और संवेदनशील इलाकों तक पहुंचीं और वहां रह रहे संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों के पहचान-पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों और अन्य बाहरी व्यक्तियों से संबंधित जानकारी जुटाई। साथ ही मकान मालिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को भी अपने यहां रहने या काम करने वाले लोगों का नियमानुसार पुलिस सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस का कहना है कि समय-समय पर इस तरह के सत्यापन अभियान चलाने का उद्देश्य किसी आम नागरिक को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में रहने वाले लोगों की पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में सुनिश्चित करना है। इससे किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है।
हरिद्वार पुलिस की टीमें अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय हैं और विभिन्न क्षेत्रों में दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान में रह रहे किराएदारों और कार्यरत कर्मचारियों का समय पर सत्यापन अवश्य कराएं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। समय पर सत्यापन कराकर लोग अपने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग कर सकते हैं।








































Users Today : 459
Users Yesterday : 1274






