(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 03 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 04 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में होने वाले धार्मिक आयोजनों, झांकियों, भजन-कीर्तन और शोभायात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को रुड़की सब-डिवीजन, जबकि उप जिलाधिकारी हरिद्वार, लक्सर और भगवानपुर को अपने-अपने सब-डिवीजन में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित तहसीलदारों को भी चिन्हित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर उप जिलाधिकारी अपने स्तर से नायब तहसीलदारों की तैनाती कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान एवं पेयजल निगम को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था और नगर निगम हरिद्वार व रुड़की को पर्व के दौरान विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जिले में शांति, सुरक्षा एवं सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण कायम रहे। अधिकारियों को पूरे पर्व के दौरान सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।







































Users Today : 388
Users Yesterday : 694






