(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। दून पुलिस ने ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ गैंग से जुड़े गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रवि कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक घटनाओं से संबंधित चार अभियोग दर्ज हैं।
कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत उसके तीन अन्य साथियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक गैंग द्वारा भूमि एवं पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था।
मामले में नामजद रवि कुमार गुप्ता मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रवि गुप्ता अपने साथियों की मदद से सोनौली, महाराजगंज के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में है। सूचना पर ऋषिकेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर 28 अगस्त 2026 को सोनौली क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को वाहन संख्या UK-14-N-5344 महिंद्रा स्कॉर्पियो से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वाहन के साथ नेपाल कस्टम से संबंधित आवाजाही अभिलेख, नेपाल में वाहन ठहरने की अवधि बढ़ाने संबंधी दस्तावेज और वाहन अनुमति-पत्र बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रवि कुमार गुप्ता, उम्र 38 वर्ष, ऋषिकेश के शिवाजी नगर/आदर्श ग्राम क्षेत्र का निवासी है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी में कोतवाली ऋषिकेश, डोईवाला और पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।











































Users Today : 592
Users Yesterday : 1232






