(शहजाद अली हरिद्वार)रुड़की। शादियों और त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई बढ़ने के अंदेशे के बीच नारसन बॉर्डर पर पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो पिकअप को रोककर जांच की गई तो उसमें ड्रम और टंकियों में भरा करीब 700 किलो संदिग्ध पनीर मिला। पनीर की हालत इतनी खराब थी कि पुलिस टीम भी देखकर दंग रह गई।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सीमाओं पर कड़ी निगरानी के निर्देशों के तहत कोतवाली मंगलौर पुलिस अभियान चला रही थी। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम लगातार संदिग्ध वाहनों पर नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान चौकी प्रभारी एसआई हेमदत्त भारद्वाज ने बिना नंबर की पिकअप को रोका। वाहन चालक कोई बिल, लाइसेंस या फूड सेफ्टी से जुड़ा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे संदेह और बढ़ गया।
तत्काल खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार को मौके पर बुलाया गया। निरीक्षण में पाया गया कि पनीर पूरी तरह अस्वास्थ्यकर, मानकों से परे और मानव उपभोग के लिए पूरी तरह खतरनाक है। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पूरी खेप को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया, ताकि यह किसी भी सूरत में बाजार तक न पहुंच पाए।
पुलिस ने वाहन चालक व माल के स्वामी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विवाह सीजन में मिलावटखोरों पर यह कार्रवाई पुलिस की चौकसी और सतर्कता का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।


























Users Today : 398
Users Yesterday : 718
