(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार, 15 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड शासन के आदेशानुसार ललित नारायण मिश्र ने सोमवार को जनपद हरिद्वार के नए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
उन्होंने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय में कार्यभार संभालने के बाद संबंधित पटल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।
इस अवसर पर अधिकारियों को संबोधित करते हुए सीडीओ मिश्र ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब वे आमजन तक सही ढंग से और समय पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि हर सरकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने कार्यों को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संपादित करें।
उन्होंने कहा कि विकास भवन में जो भी व्यक्ति अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, उनकी सुनवाई प्राथमिकता से की जाए और समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए।
सीडीओ मिश्र ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अधिकारी या कर्मचारी को कार्य के निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई या बाधा आती है तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या को लंबित रखना उचित नहीं है, बल्कि उसका समाधान तत्काल किया जाए ताकि विकास कार्यों की गति पर असर न पड़े।
सीडीओ ने यह भी कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करें और जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासनिक कार्यों में आने वाली अड़चनों के समाधान के लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला रहेगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने जिला कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से शिष्टाचार भेंट की और जिले में चल रहे विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।
इस दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुभाष शाक्य, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नवागत सीडीओ के स्वागत में अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की आशा व्यक्त की।


























Users Today : 117
Users Yesterday : 866
