(शहजाद अली हरिद्वार)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमी के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपक सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भगवान शिव का वेश धारण कर कालनेमी बाबा बनकर चंडीघाट क्षेत्र में घूम रहा था।
पुलिस को देख संदिग्ध हरकतों के चलते जब उसे रोका गया और पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम दीपक सैनी निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर बताया।
जांच में सामने आया कि वह श्यामपुर थाने में दर्ज पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में वांछित है। आरोपी मासूम बच्चियों और महिलाओं को मनोकामना पूर्ति का लालच देकर अपना शिकार बनाता था।
गिरफ्तारी को लेकर संयुक्त रूप से कोतवाली ज्वालापुर, थाना श्यामपुर और सीआईयू हरिद्वार की टीमें काम कर रही थीं। टीमों के पर्यवेक्षण में एसपी सिटी और सीओ सिटी की अहम भूमिका रही।
आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, बलवा और धार्मिक स्वतंत्रता को आघात पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस अब अन्य पीड़िताओं की भी तलाश कर रही है ताकि आरोपी को उसके अपराधों की सख्त सजा दिलाई जा सके।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में चल रही यह कार्यवाही प्रदेश में ढोंगी बाबाओं और धार्मिक आस्था का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ एक सख्त संदेश है। आमजन इस कार्यवाही की जमकर सराहना कर रहे हैं।


























Users Today : 601
Users Yesterday : 1355
