(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 25 जून 2025 —हरिद्वार पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष बाइक रैली का आयोजन किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में किया गया।रैली का शुभारंभ ऋषिकुल मैदान से हुआ,
जिसे एसपी सिटी पंकज गैरोला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर हरिद्वार नगर क्षेत्र के विभिन्न थानों और चौकियों से आए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक और स्कूटी के माध्यम से बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस रैली में दोपहिया के साथ-साथ सरकारी चौपहिया वाहनों ने भी भागीदारी की।रैली के माध्यम से हरिद्वार पुलिस ने समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशा न केवल व्यक्ति की शारीरिक और मानसिक स्थिति को नुकसान पहुंचाता है,
बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। पुलिस कर्मियों ने सड़कों पर निकलकर जनसाधारण को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया और युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और एक स्वस्थ, सकारात्मक जीवनशैली को अपनाएं।
इस जनजागरूकता अभियान का उद्देश्य नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकना, विशेष रूप से युवाओं में नशे के प्रलोभन से बचाने हेतु सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
रैली के दौरान पुलिस कर्मियों ने जगह-जगह रुककर पोस्टर और पर्चों के माध्यम से भी संदेश प्रसारित किया।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक रैली भर नहीं है, बल्कि नशे के विरुद्ध एक दीर्घकालिक संकल्प है।
भविष्य में भी इसी तरह के अभियान और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
यह पहल हरिद्वार पुलिस की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजगता को दर्शाती है,
और नशा मुक्त समाज की दिशा में एक ठोस कदम है। कप्तान डोबाल के नेतृत्व में यह संदेश हर नागरिक तक पहुंचेगा कि “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो।”

















































