(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। हरिद्वार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पूर्ति कार्यालय परिसर में ही की गई, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी ने एक राशन डीलर से किसी कार्य के बदले ₹50,000 की अवैध मांग की थी। पीड़ित राशन डीलर ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। तय रकम लेते ही विजिलेंस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए अधिकारी और सहायक से विजिलेंस टीम गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हरिद्वार और देहरादून में विजिलेंस द्वारा रिश्वतखोर अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विजिलेंस भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। हरिद्वार जिले में एक के बाद एक सामने आ रहे मामलों से साफ है कि भ्रष्टाचार पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।



































