(शहजाद अली हरिद्वार)बहादराबाद।उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, रोहल्की किशनपुर के प्रबंधक जयंत कुमार चौहान ने पुनः अपने पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला आने के बाद कॉलेज परिसर में प्रबंध समिति के कार्यालय पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली।
जयंत कुमार चौहान ने बताया कि उनका मामला लंबे समय से उच्च न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय ने सभी तथ्यों और अभिलेखों का अवलोकन करने के उपरांत उनके पक्ष में निर्णय सुनाया, जिससे उनके प्रबंधक पद पर बने रहने का मार्ग प्रशस्त हुआ। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उन्होंने आज विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार संभालने के अवसर पर प्रबंध समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि कॉलेज के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलेगी।
जयंत कुमार चौहान ने कहा कि उनका प्राथमिक उद्देश्य संस्थान में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
उन्होंने सहयोग के लिए प्रबंध समिति और स्टाफ का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि कॉलेज के हित में पारदर्शी और नियमों के अनुरूप कार्य किया जाएगा।

















































