(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर में शनिवार 22 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार अभय सिंह ने अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ–सफाई, कार्यालय व्यवस्था, मालखाना, भोजनालय, बैरक, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क और CCTNS कार्यालय का विस्तृत अवलोकन किया। साथ ही परिसर में स्थापित सभी CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली की भी बारीकी से जांच की।
एसपी सिटी अभय सिंह ने थाने में मौजूद असलाह एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया तथा मौके पर मौजूद कर्मचारियों से उपकरणों के उपयोग और संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्र-अभ्यास भी कराया ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में बेहतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ई-बीट सिस्टम को पूरी तरह अद्यावधिक रखने,
लंबित विवेचनाओं व प्रपत्रों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता के साथ बेहतर रणनीति अपनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल व महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी द्वारा दिए गए निर्देशों ने पुलिस कार्यप्रणाली में और अधिक अनुशासन तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।













































