(शहजाद अली हरिद्वार) बुग्गावाला। हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र में हाथी की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में हड़कम्प मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार बुग्गावाला-बिहारीगढ़ मार्ग पर किसान ऋषिपाल के खेत में एक हाथी का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में हाथी के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या हिंसा के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मौत का कारण रहस्यमयी बना हुआ है।बताया जा रहा है कि यह दो दिन में दूसरी घटना है, जब इसी क्षेत्र में हाथी की मौत हुई है। लगातार हो रही घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का कारण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके की गहन छानबीन की जा रही है। हाथी की मौत यदि किसी लापरवाही या अवैध गतिविधि के कारण हुई है, तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों और आसपास के किसानों से भी पूछताछ की जा रही है। हाथी की लगातार मौतों ने पर्यावरण संरक्षण और इंसान-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता और गहरी कर दी है।













































