(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार, 30 अगस्त 2025।
एनजीटी नई दिल्ली के विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद ने जनपद हरिद्वार आगमन पर राज्य अतिथि गृह में जिला पर्यावरण प्रबंधन योजना की समीक्षा बैठक की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
बैठक में डॉ. अहमद ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक उन्मूलन, सीवरेज व्यवस्था, औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट एवं प्रदूषण नियंत्रण तथा अवैध खनन प्रबंधन की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक धार्मिक नगरी है, जहां कुंभ और कांवड़ जैसे बड़े आयोजन होते रहते हैं। ऐसे में मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कूड़ा निस्तारण और सीवरेज ट्रीटमेंट के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। अवैध खनन रोकने के लिए सख्त निगरानी की जाए और स्वीकृत खनन पट्टों से ही नियमानुसार कार्य हो।
औद्योगिक इकाइयों से होने वाले प्रदूषण पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा नियमों का पालन न करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
डॉ. अहमद ने जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और अधिकारियों को बधाई दी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आश्वस्त किया कि दिए गए सभी दिशा-निर्देशों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, डीएफओ स्वप्निल, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ राजेंद्र सिंह कठैत, नगर स्वास्थ्य अधिकारी गंभीर तालियान और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













































