(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन द्वारा एचआरडीए के सहयोग से प्रारंभ किया गया “हरित हरिद्वार अभियान” को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
इस अभियान से जुड़े स्थानीय निवासियों के आग्रह पर मेलाधिकारी एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को भूपतवाला स्थित श्याम लोक कॉलोनी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर अभियान में जनसहभागिता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों से “हरित हरिद्वार अभियान” में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सक्रिय और प्रत्यक्ष भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला केवल आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
हरिद्वार की पहचान उसकी आध्यात्मिकता के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में “ग्रीन कुंभ” की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
श्याम लोक कॉलोनी पार्क में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। मेला अधिकारी ने कॉलोनीवासियों से संवाद कर अभियान के संबंध में उनका फीडबैक लिया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की।
स्थानीय नागरिकों ने हरिद्वार को हरा-भरा बनाने की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान में निरंतर सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका की पहल पर शुरू किए गए “हरित हरिद्वार अभियान” के तहत अब तक हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों से 1000 से अधिक पौधों के रोपण के की मांग प्राप्त हो चुकी है।
वर्तमान में अभियान की प्रारंभिक तैयारियां की जा रही हैं तथा आगामी मानसून सत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रमुख मार्गों, घाट क्षेत्रों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, प्रवेश मार्गों एवं मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के दीर्घकालिक संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देने, शहर की सौंदर्यता में वृद्धि करने तथा कुंभ मेला-2027 को “ग्रीन कुंभ” के रूप में स्थापित करना भी है।
अभियान के माध्यम से आमजन, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है।
“हरित हरिद्वार अभियान” की एक प्रमुख विशेषता इसका जनसहभागिता आधारित स्वरूप है। इस अभियान में इच्छुक व्यक्ति, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, शिक्षण संस्थान, धार्मिक संगठन एवं व्यापारिक समुदाय सक्रिय रूप से भाग ले सकते हैं।
इच्छुक प्रतिभागी ऐसे स्थानों का चयन कर सकते हैं, जहां वे पौधारोपण कराना चाहते हैं। चयनित स्थलों की सूचना हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को उपलब्ध कराने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान से जुड़ने अथवा अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें :
मोबाइल : 9084700675, 9084700674











































Users Today : 595
Users Yesterday : 747






