(शहजाद अली हरिद्वार) लक्सर। एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट के कुशल नेतृत्व में जीआरपी लक्सर पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए अभियुक्त अमजद उर्फ शहबाब पुत्र जाकिर हुसैन, निवासी तेलीवाला पाडली गुज्जर, थाना गंगनहर रुड़की को पुनः गिरफ्तार कर लिया है।
1 जून 2025 को बिजनौर निवासी एक व्यक्ति ने जीआरपी लक्सर में शिकायत दी थी कि सहारनपुर-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन में यात्रा के दौरान उसकी पत्नी का पर्स, जिसमें नगदी, ज्वैलरी और दो मोबाइल थे, एक अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन से छीनकर कूदकर भाग गया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जिसमें आरोपी अमजद का नाम सामने आया।
26 अक्टूबर को अमजद को पूछताछ के लिए चौकी जीआरपी रुड़की लाया गया था। उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि छिना गया सामान उसने गंगनहर पुल के पास छिपाया है। जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए वहां ले गई, तो उसने पुलिसकर्मी को गंगनहर में धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इस पर पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का एक और मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी जीआरपी के निर्देशन में कई टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मैन्युअल पुलिसिंग और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 31 अक्टूबर को आरोपी को कालूवाली पानी की टंकी, सैन चौकी थानो रोड, थाना डोईवाला (देहरादून) क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले जेल नहीं गया था, डर के कारण पुलिस से भाग गया था। उसने गंगनहर के पास हथकड़ी की रस्सी तोड़कर जंगल के रास्ते भागने की बात स्वीकार की। फरारी के दौरान वह किसी से संपर्क नहीं करता था ताकि पकड़ा न जाए।
अभियुक्त नशे और जुए का आदी है तथा चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उ0नि0 रचना देवरानी, म0उ0नि0 प्रीति सैनी, अ0उ0नि0 अतुल चौहान सहित एसओजी जीआरपी और डोईवाला पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

















































