(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून।मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुंचकर ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हर बच्चा खास होता है और प्रत्येक में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता है कि बच्चे अपनी प्रतिभा को पहचानें और शिक्षक व अभिभावक उसे आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम को और व्यापक बनाया जाए तथा इसमें उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे व्यक्तियों को जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थियों को मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने क्लस्टर विद्यालयों से इसकी शुरुआत करते हुए इसे प्रदेश के सभी विद्यालयों में लागू करने पर जोर दिया।
छात्रों से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि मोबाइल और तकनीक के इस युग में जरूरी है कि तकनीक पर हमारा नियंत्रण हो। किताबें, खेल और रचनात्मक सोच बच्चों को मजबूत बनाती हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनकी प्रशंसा की। साथ ही बच्चों को देहरादून भ्रमण, कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा नियमित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रमों से जोड़ने की बात कही।
कार्यक्रम में सचिव श्री रविनाथ रामन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री मुकुल सती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













































