(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था, प्रभावी नेतृत्व एवं सराहनीय सेवाओं के लिए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर तथा पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह को मेडल अलंकृत कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों पुलिस अधिकारियों की कार्यकुशलता, समर्पण और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारियों द्वारा जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है। विशेष रूप से कांवड़ मेले के दौरान लाखों शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा।
हरिद्वार पुलिस द्वारा कांवड़ मेले में यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए यातायात को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता और बेहतर समन्वय से बड़े आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सफलता मिलती है। यह सम्मान पुलिस अधिकारियों और पूरे पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने वाला है।






































Users Today : 237
Users Yesterday : 561
