(शहजाद अली हरिद्वार) हरिद्वार। हरिद्वार में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोशनाबाद स्थित राज्य कर (GST) कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी उपनल कर्मी के रूप में सहायक आयुक्त राज्य कर, खंड–3 कार्यालय में पिछले करीब 18 वर्षों से कार्यरत था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को दी तहरीर में बताया कि उसकी हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के VAT कर के निपटान के संबंध में विभाग द्वारा 1.76 लाख रुपये की देनदारी बताई गई थी। आरोप है कि इस मामले को निपटाने के एवज में प्रमोद सेमवाल ने 1.20 लाख रुपये नगद की मांग की और रकम किस्तों में देने को कहा।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही आरोपी को दबोच लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


































