(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” को साकार करने के उद्देश्य से इसी क्रम में बहादराबाद थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नहर पटरी बहादराबाद क्षेत्र से विजय पुत्र सुरेंद्र, निवासी ग्राम जौला बुढ़ाना, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को 35 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दबोचा।
अभियुक्त विजय थाना बहादराबाद में पंजीकृत मुकदमा संख्या 274/25, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहा था। इससे पहले इसी केस में मुख्य आरोपी मुर्सलीन को पुलिस ने 5 जुलाई 2025 को एक किलोग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विवेचना के दौरान एसएसपी हरिद्वार ने थानाध्यक्ष बहादराबाद को स्मैक के स्रोत और बड़े तस्करों तक पहुंचने के निर्देश दिए थे।
गहन पूछताछ में विजय ने कई अहम खुलासे किए और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मुर्सलीन का मोबाइल फोन बरामद किया।
फोन की जांच से पता चला कि गिरोह के तार राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बड़े पैडलरों से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने इन राज्यों से जुड़े नेटवर्क को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम — उ.नि. अमित नौटियाल, उ.नि. विजय प्रकाश, हे.का. नरविन्द्र व का. मुकेश नेगी — की इस कार्रवाई की एसएसपी ने सराहना की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अग्रिम कार्रवाई जारी है।













































