(शहजाद अली हरिद्वार)रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। तिलवाड़ा–तैला के पास एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 350 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। सभी कुरछोला से जखनोली की ओर एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तिलवाड़ा–तैला के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची SDRF टीम ने DDRF और फायर सर्विस के साथ मिलकर संयुक्त बचाव अभियान चलाया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए गहरी खाई से दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया और अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द किया।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्कता और सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।










































Users Today : 139
Users Yesterday : 414
