(शहजाद अली हरिद्वार)देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को प्रदेश के पांच जनपदों नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने, संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए सतर्कता बरतने की तैयारी की जा रही है। लोगों से अपील है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।








































Users Today : 866
Users Yesterday : 521
