(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। बहादराबाद स्थित केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में सामाजिक संस्था ‘एक ज़रा सी कोशिश’ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी, विशेषकर नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। नर्सिंग के विद्यार्थी भविष्य में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्य करेंगे, ऐसे में समाज को नशे की बुराई से बचाने के लिए उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
मदन कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और आमजन की सहभागिता जरूरी है।
इस अवसर पर ‘एक ज़रा सी कोशिश’ एनजीओ की डायरेक्टर राखी सजवान ने छात्र-छात्राओं को नशे की लत से बचने, मानसिक तनाव का प्रबंधन करने और सामाजिक दबाव से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नशे के स्वास्थ्य, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं को जीवनभर नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में डॉ. हेमंत आर्य, राखी सजवान, पार्थ भारद्वाज, प्रीतशिखा शर्मा, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित शर्मा सहित कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








































Users Today : 94
Users Yesterday : 1434






