(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। आगामी कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन और एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसएसपी कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तैयारियों की जानकारी दी। वहीं आईजी कुम्भ मेला डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य अधिकारियों ने अपनी कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं।
प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों की सुरक्षा, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, पार्किंग, होल्डिंग एरिया और आपातकालीन निकासी की रणनीति पर मंथन किया गया। संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर, बम निरोधक दस्तों की तैनाती और एंटी सबोटाज चेकिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

इसके साथ ही आतंकवाद, संगठित अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एटीएस, एसटीएफ एवं अभिसूचना इकाइयों को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया। साइबर सुरक्षा के तहत सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के लिए विशेष तंत्र विकसित किया जाएगा। वहीं सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, एंटी ड्रोन सिस्टम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को भी मजबूत किया जाएगा।
बैठक में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, जीआरपी की तैनाती, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात संचालन की समीक्षा की गई। इसके अलावा पुलिस बल, होमगार्ड, जल पुलिस, यातायात पुलिस और बाहरी राज्यों से आने वाले सुरक्षा कर्मियों के आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कुम्भ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।










































Users Today : 689
Users Yesterday : 902
