(शहजाद अली हरिद्वार)शिवालिकनगर। नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर की बोर्ड बैठक 10 सितंबर 2026 को आयोजित हुई। बैठक में नगर क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनहितकारी कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों के 370 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों के माध्यम से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में वार्ड संख्या 12 स्थित नेहरू कॉलोनी का नाम बदलकर “गोविंदधाम” किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। स्थानीय लोगों की मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
इसके अलावा किन्नर समाज के मांगलिक कार्यों से संबंधित शुल्क के निर्धारण, सीमा शुल्क तथा बड़े वाणिज्यिक वाहनों पर शुल्क लगाए जाने से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए। स्कूल बसों के पास और निर्धारित रूट को लेकर भी आवश्यक व्यवस्था एवं मार्ग निर्धारण का निर्णय लिया गया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर मदर डेयरी की दुकानें खोले जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे नगरवासियों को दूध और दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। वहीं सफाई एवं विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक सफाई सामग्री और विद्युत सामग्री की खरीद को भी स्वीकृति दी गई।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
प्रमुख स्थलों और मंदिर परिसरों में विशेष सफाई कराने के साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया।
डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभिन्न क्षेत्रों में एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, सभासदगण, अधिशासी अधिकारी तारीख खान, अवर अभियंता शाहरुख, पर्यावरण पर्यवेक्षक रजत मित्तल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








































Users Today : 477
Users Yesterday : 849






