(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर जिलेभर में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु चलाए जा रहे सघन चैकिंग अभियान का असर देखने को मिला।
इसी क्रम में बहादराबाद थाना पुलिस ने प्रातःकालीन गश्त एवं चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, बहादराबाद पुलिस टीम गश्त के दौरान जब लाल रंग की स्कूटी (UK07DE6287) सवार व्यक्ति को रोककर पूछताछ कर रही थी, तो उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में उसकी पहचान प्रकाश पुत्र केदारनाथ, निवासी ग्राम भांदो, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में पुलिस गश्त और चैकिंग को और अधिक प्रभावी बनाया गया है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को मौका न मिल सके।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उ०नि० अमित नौटियाल, कानि० नरविंदर, कानि० अश्वनी और कानि० महेश्वर की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सतर्कता ने क्षेत्र में संभावित अपराध को टाल दिया।

















































