(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद।हरिद्वार पुलिस ने नहर पटरी पर दंपति से हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया,
जबकि दो अन्य बदमाशों को यूपी पुलिस पहले ही मुठभेड़ में पकड़ चुकी है। 17 सितम्बर 2025 की शाम कलियर निवासी शब्बू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से ज्वालापुर जा रहे थे।
रानीपुर झाल के पास अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाकर पत्नी के कानों से सोने की बालियां लूट लीं और फरार हो गए। घटना के बाद थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना में पता चला कि गिरोह ने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में भी लूट की घटनाएं की हैं। 23 सितम्बर की रात थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपियों अंकुर और लाखन उर्फ लक्खा को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।
उनकी निशानदेही पर रानीपुर झाल लूट से जुड़ी पीली धातु के टॉप्स बरामद हुए। आगे की कार्रवाई में बहादराबाद पुलिस ने 24 सितम्बर की रात ग्राम चौली, भगवानपुर से आरोपी विनोद पुत्र फूल सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई पीली धातु की एक जोड़ी बालियां बरामद कीं।
एसएसपी हरिद्वार ने शेष लूटा गया माल बरामद करने के लिए गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस रिमांड लेने के निर्देश दिए हैं। आरोपी विनोद को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में बहादराबाद पुलिस व सीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से अहम भूमिका निभाई।













































