(शहजाद अली हरिद्वार) बहादराबाद। 10 सितम्बर 2025।गैर आवासीय विशिष्ट प्रशिक्षण केंद्रों (NRST) के अनुदेशकों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन 10 सितम्बर 2025 को बहादराबाद सभागार में किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन बीडीओ श्री मानस मित्तल एवं बीईओ श्री बृजपाल सिंह राठौर के मार्गदर्शन में दोजो मेराकी फाउंडेशन द्वारा किया गया। बैठक में बहादराबाद तथा भगवानपुर ब्लॉक से जुड़े कुल 35 अनुदेशक शामिल हुए।
कार्यशाला का उद्देश्य NRST कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु अनुदेशकों को प्रशिक्षित करना और आगामी तीन माह की योजनाओं पर चर्चा करना था।
फाउंडेशन की ओर से हरजिंदर सिंह ने समूह गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नई कार्ययोजनाओं से परिचित कराया। इस दौरान बच्चों की शैक्षिक प्रगति को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ और रणनीतियाँ साझा की गईं।
बीडीओ श्री मानस मित्तल ने अनुदेशकों से संवाद करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर को आंकने के लिए बेसलाइन और एंडलाइन मूल्यांकन अनिवार्य रूप से कराने पर जोर दिया।
उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों की वास्तविक प्रगति को मापने का महत्वपूर्ण साधन बताया। साथ ही उन्होंने सहयोगी भावना और समूह में निरंतर साझेदारी को सफलता की कुंजी बताया।
बैठक में मैजिक बस फाउंडेशन की वर्षा तथा दोजो मेराकी फाउंडेशन से मनजीत सिंह, जसवीर सिंह और नेहा धीमन ने भी सक्रिय भागीदारी की।
इस उन्मुखीकरण के माध्यम से अनुदेशकों को नई दिशा और दृष्टिकोण प्राप्त हुआ, जिससे आने वाले समय में NRST केंद्रों के संचालन और बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की अपेक्षा की जा रही है।

















































