(शहजाद अली हरिद्वार) रोशनाबाद। हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की अनोखी पहल लगातार लोगों का ध्यान खींच रही है।
पहले जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के पैदल कार्यालय पहुंचने की चर्चा हुई थी, वहीं अब एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने साइकिल से दफ्तर पहुंचकर समाज को बड़ा संदेश दिया है।
सुबह जब एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा साइकिल चलाते हुए कार्यालय पहुंचे तो सड़क पर मौजूद लोग उन्हें देखकर हैरान रह गए।
सरकारी वाहन छोड़कर साइकिल से दफ्तर पहुंचने की उनकी सादगी और जिम्मेदारी की भावना ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। दफ्तर पहुंचने पर कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उनकी इस पहल की जमकर सराहना की।
“छोटी दूरी के लिए वाहन नहीं, साइकिल और पैदल चलना बनाइए आदत”
निखिल शर्मा ने कहा कि आज के समय में बढ़ता प्रदूषण और ईंधन की खपत एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। यदि लोग छोटी दूरी तय करने के लिए निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें
तो इससे पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण को भी काफी राहत मिल सकती है। उन्होंने लोगों से साइकिल चलाने, पैदल चलने और कार पूलिंग अपनाने की अपील की।
“ईंधन की बचत के साथ स्वास्थ्य भी रहेगा बेहतर”
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना सिर्फ पर्यावरण के लिए ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर फिट रहता है और कई बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा की साइकिल से कार्यालय पहुंचने वाली तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी, सादगी और जागरूकता का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।
“क्या आम लोग भी इस मुहिम से जुड़ेंगे?”
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आम नागरिक भी प्रशासन की इस सकारात्मक पहल से प्रेरणा लेकर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी भागीदारी निभाएंगे।


























