(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली नगर क्षेत्र में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। बच्ची को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां परिजनों और चिकित्सकों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिद्वार एसएसपी के अनुसार, 16 नवंबर को जिला अस्पताल से कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि 11 माह की बच्ची को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। परिजनों और चिकित्सकों द्वारा बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई गई। इसके बाद पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 646/2026 धारा 5(I), 5(M), 6 पॉक्सो एक्ट एवं धारा 65(2) बीएनएस के तहत सौरभ कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ कुमार (18 वर्ष) पुत्र राजेंद्र दास, निवासी पंचरुखी, थाना शाहकुंड, जिला भागलपुर, बिहार को हरिद्वार के बाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले 15 दिनों से औद्योगिक क्षेत्र स्थित विकास इंडस्ट्री पाइप फैक्ट्री में काम कर रहा था और पीड़िता के परिवार के साथ फैक्ट्री परिसर में ही रहता था। घटना 15 नवंबर की शाम की बताई जा रही है।

फिलहाल मासूम बच्ची एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।










































Users Today : 742
Users Yesterday : 786
