(शहजाद अली हरिद्वार)हरिद्वार। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने सेक्टर-1 बीएचईएल क्षेत्र में एक ही रात हुई घर और दुकान में चोरी की दो वारदातों का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, दो हाथ घड़ियां और दुकान से चोरी की गई तिल के तेल की दो पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने सेक्टर-1 बीएचईएल निवासी एक महिला के घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के कान के झुमके, अंगूठी, चांदी के दो जोड़ी बिछुए, हाथ की घड़ियां और टी-शर्ट चोरी कर ली थी। इसके अलावा इसी रात क्षेत्र में स्थित वीरेंद्र प्रताप सिंह की दुकान का गेट तोड़कर चोर दो पेटी तिल का तेल लेकर फरार हो गए थे। दोनों मामलों में 11 नवंबर को कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की सक्रियता और मुखबिर की सूचना पर 11 नवंबर की रात सेक्टर-1 आर्य समाज मंदिर के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र मदन निवासी भभूतावाला बाग और सुदीप पुत्र प्रदीप निवासी वाटर वर्क्स कॉलोनी, शिवलोक कॉलोनी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने घर और दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात, दो घड़ियां और तिल के तेल की 36 बोतलें बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का सामान बेचकर क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे। गिरफ्तार संदीप के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुदीप का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक पुनीत दनोसी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।











































Users Today : 673
Users Yesterday : 844
